IND vs PAK: सूर्यकुमार यादव का गुस्सा बरकरार! टॉस पर पाकिस्तानी कप्तान को फिर किया नजरअंदाज

भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले टी-२० वर्ल्ड कप के महामुकाबले में वह नजारा देखने को मिला, जिसकी चर्चा दुनिया भर में हो रही है। कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में टॉस के लिए जब दोनों कप्तान सूर्यकुमार यादव और सलमान अली आगा आमने-सामने आए, तो वहां एक अजीब सी चुप्पी और तनाव था। सूर्यकुमार यादव ने पिछले साल के पहलगाम हमले के विरोध में पाकिस्तानी कप्तान से हाथ नहीं मिलाया और उन्हें पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया।

एशिया कप से शुरू हुई टीम इंडिया की ‘नो हैंडशेक’ पॉलिसी को वर्ल्ड कप के इस बड़े मंच पर भी सूर्यकुमार ने जारी रखा है। टॉस जीतने के बाद जब सलमान आगा ने हाथ बढ़ाने की कोशिश की, तो सूर्या ने अपनी नजरें फेर लीं। बीसीसीआई के सूत्रों के मुताबिक, यह निर्णय लिया गया है कि मैच के बाद भी खिलाड़ी या सपोर्ट स्टाफ आपस में हाथ नहीं मिलाएंगे। सलमान आगा ने शनिवार को कहा था कि क्रिकेट अपनी पुरानी परंपरा के अनुसार ही खेला जाना चाहिए, लेकिन सूर्या के इस कड़े रुख ने यह साफ कर दिया कि भारत के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है।

टॉस की बात करें तो पाकिस्तान ने जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी है। भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरेगी। सूर्यकुमार ने अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बड़े बदलाव किए हैं। संजू सैमसन की जगह अभिषेक शर्मा और अर्शदीप सिंह की जगह कुलदीप यादव को टीम में शामिल किया गया है। मैदान पर क्रिकेट की जंग शुरू होने से पहले ही इस ‘डिप्लोमैटिक वॉर’ ने माहौल को पूरी तरह गर्मा दिया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *