ईशान किशन का कोलंबो में तांडव! युवराज और शुभमन गिल का रिकॉर्ड तोड़ पाकिस्तान को किया बर्बाद

कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच टी-20 वर्ल्ड कप का हाई-वोल्टेज मुकाबला एकतरफा होता नजर आ रहा है। भारत के स्टार ओपनर ईशान किशन ने आज ऐसी बल्लेबाजी की, जिसने पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों की लाइन-लेंथ बिगाड़ दी। ईशान ने न केवल टीम इंडिया को मजबूत शुरुआत दी, बल्कि युवराज सिंह और शुभमन गिल जैसे दिग्गजों के बड़े रिकॉर्ड्स को भी धराशायी कर दिया।
युवराज सिंह को छोड़ा पीछे, हफीज और अभिषेक के क्लब में शामिल ईशान किशन अब भारत-पाकिस्तान टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने महज 27 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की। इस मामले में उन्होंने साल 2012 में 29 गेंदों में अर्धशतक जड़ने वाले युवराज सिंह का रिकॉर्ड तोड़ दिया। फिलहाल इस लिस्ट में मोहम्मद हफीज (23 गेंद) पहले और अभिषेक शर्मा (24 गेंद) दूसरे नंबर पर हैं।
पावरप्ले में मचाया कोहराम, शुभमन गिल का रिकॉर्ड स्वाहा रिकॉर्ड्स की झड़ी यहीं नहीं रुकी। ईशान किशन अब भारत-पाकिस्तान टी-20 मुकाबलों के पहले पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड शुभमन गिल के नाम था, जिन्होंने 2025 में दुबई में पावरप्ले के दौरान 35 रन बनाए थे। लेकिन आज कोलंबो में ईशान ने अकेले दम पर पहले 6 ओवरों में 42 रन ठोकते हुए गिल को पीछे छोड़ दिया।
ईशान ने अपनी 77 रनों की पारी में 192.50 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। उनके बल्ले से निकले 10 चौकों और 3 छक्कों ने पाकिस्तानी फील्डरों को दर्शक बना दिया। हालांकि सईम अयूब ने उन्हें बोल्ड कर पवेलियन भेजा, लेकिन आउट होने से पहले ईशान ने अपना काम कर दिया था।