भारत रचेगा इतिहास! कल से ‘इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट’, दिल्ली में जुटेंगे सुंदर पिचाई और बिल गेट्स

नई दिल्ली का ‘भारत मण्डपम’ एक बार फिर वैश्विक इतिहास का गवाह बनने जा रहा है। सोमवार, 16 फरवरी से ‘इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ का आगाज हो रहा है। यह शिखर सम्मेलन न केवल भारत के लिए बल्कि पूरे ‘ग्लोबल साउथ’ के लिए मील का पत्थर साबित होगा। पांच दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डा सिल्वा सहित लगभग 20 देशों के राष्ट्राध्यक्षों के शामिल होने की उम्मीद है।

निवेश की सुनामी और टेक दिग्गजों का जमावड़ा इस समिट में गूगल के सुंदर पिचाई, OpenAI के सैम ऑल्टमैन, और माइक्रोसॉफ्ट के बिल गेट्स जैसे नामी चेहरे तकनीकी भविष्य पर मंथन करेंगे। जानकारों का मानना है कि इस दौरान 100 बिलियन डॉलर (करीब 8.3 लाख करोड़ रुपये) से अधिक के निवेश समझौतों पर मुहर लग सकती है। रिलायंस के मुकेश अंबानी सहित 40 से अधिक वैश्विक कंपनियों के सीईओ भारत के एआई टैलेंट और डेटा सामर्थ्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए चर्चा करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 फरवरी को दुनिया के शीर्ष तकनीकी अधिकारियों के साथ एक विशेष गोलमेज बैठक की अध्यक्षता कर सकते हैं।

जिम्मेदार एआई और वैश्विक गवर्नेंस पर जोर सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य ‘लोग, ग्रह और प्रगति’ के मंत्र के साथ समावेशी एआई विकास को बढ़ावा देना है। समिट में डेटा सुरक्षा, एआई के नैतिक उपयोग और सॉवरेन एआई (Sovereign AI) जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। भारत अपनी 70 करोड़ इंटरनेट आबादी और विशाल डेटा सेट के साथ खुद को एआई इनोवेशन के ग्लोबल हब के रूप में पेश कर रहा है। ‘YUVAi’ और ‘AI for All’ जैसे कार्यक्रमों के जरिए तकनीकी समावेशिता को जमीनी स्तर तक ले जाने का खाका भी तैयार किया जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *