रैंकिंग में नंबर 1, मैदान पर जीरो! अभिषेक शर्मा की खराब फॉर्म बनी टीम इंडिया के लिए बड़ी सिरदर्द

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे महामुकाबले में भारतीय प्रशंसकों को अभिषेक शर्मा से काफी उम्मीदें थीं। लेकिन कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में जो हुआ, उसने सबको हैरान कर दिया। दुनिया के नंबर 1 टी-20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा एक बार फिर खाता खोलने में नाकाम रहे। पिछले 6 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में यह चौथी बार है जब अभिषेक ‘डक’ (0) पर आउट हुए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ महज 4 गेंदें खेलकर वे अपना विकेट गंवा बैठे।

बीमारी और खराब फॉर्म का दोहरा वार अभिषेक पिछले कुछ दिनों से पेट के संक्रमण से जूझ रहे थे। उनकी शारीरिक स्थिति पूरी तरह ठीक नहीं थी, फिर भी वे पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतरे। लेकिन कप्तान सलमान आगा की गेंद पर वे चकमा खा गए और शाहीन अफरीदी को आसान कैच दे बैठे। अमेरिका के खिलाफ मुंबई में पहले ही शून्य पर आउट होने के बाद, यह लगातार दूसरा मौका है जब वे बिना कोई रन बनाए पवेलियन लौटे हैं।

चिंता में डूबा भारतीय खेमा आईसीसी रैंकिंग में टॉप पर होने के बावजूद अभिषेक का बल्ला खामोश है। पावरप्ले में उनकी आक्रामक बल्लेबाजी भारत की सबसे बड़ी ताकत मानी जाती थी, लेकिन वर्ल्ड कप जैसे बड़े मंच पर उनका फेल होना चिंता का विषय है। विशेषज्ञों का मानना है कि अभिषेक उम्मीदों के बोझ तले दबे हुए नजर आ रहे हैं। क्या वे अगले मैचों में वापसी कर पाएंगे या भारतीय टीम को अपनी ओपनिंग जोड़ी में बदलाव करना होगा, यह अब सबसे बड़ा सवाल है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *