पुतिन के दुश्मन नवलनी को दिया गया ‘मेंढक वाला जहर’! 5 देशों की रिपोर्ट से रूस में हड़कंप

रूसी विपक्षी नेता और पुतिन के सबसे बड़े आलोचक एलेक्सी नवलनी की जेल में हुई मौत को लेकर एक सनसनीखेज खुलासा हुआ है। ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, स्वीडन और नीदरलैंड ने एक संयुक्त बयान जारी कर बताया है कि नवलनी के शरीर के नमूनों में ‘एपाइबैटिडाइन’ (Epibatidine) नामक एक अत्यंत घातक जहर मिला है। यह जहर दक्षिण अमेरिका के ‘डार्ट फ्रॉग’ (एक विशेष प्रजाति का मेंढक) की त्वचा में पाया जाता है और शरीर के नर्वस सिस्टम को तुरंत खत्म करने की क्षमता रखता है।

यूलिया नवलन्या का बड़ा आरोप: नवलनी की पत्नी यूलिया ने सोशल मीडिया पर इस रिपोर्ट को साझा करते हुए पुतिन को सीधे तौर पर हत्यारा करार दिया है। उन्होंने कहा, “मेरे पास अब पुख्ता सबूत हैं कि मेरे पति को रासायनिक हथियार से मारा गया। पुतिन ने उन्हें खत्म करने के लिए जैविक हथियार का सहारा लिया।” यूरोपीय देशों का कहना है कि रूस ने ‘केमिकल वेपन्स कन्वेंशन’ का उल्लंघन किया है और इस मामले को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा।

2020 से जारी था साजिशों का सिलसिला: नवलनी पर पहले भी 2020 में ‘नोविचोक’ जहर से हमला हुआ था, लेकिन वे बच गए थे। हालांकि, 2024 में आर्कटिक की जेल में उनकी रहस्यमयी मौत ने दुनिया को चौंका दिया था। विशेषज्ञों का मानना है कि रूस ने नवलनी को एक ‘खतरनाक जैविक हथियार’ के जरिए रास्ते से हटाया है। यह खुलासा रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच मॉस्को पर पश्चिमी देशों के दबाव को और बढ़ा सकता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *