IND vs PAK: ईशान किशन ने तोड़ा युवराज का ऐतिहासिक रिकॉर्ड, पाकिस्तान के ‘स्पिन चक्रव्यूह’ में फंसी टीम इंडिया!

टी-२० विश्व कप २०२६ के सबसे हाई-प्रोफाइल मुकाबले में आज भारत और पाकिस्तान के बीच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में कांटे की टक्कर देखने को मिली। टॉस जीतकर पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया और खुद पहला ओवर डालकर सबको चौंका दिया। सलमान ने अपनी स्पिन का जादू बिखेरते हुए पहली ही ओवर में अभिषेक शर्मा को शून्य पर आउट कर भारत को करारा झटका दिया। अभिषेक के लिए यह टूर्नामेंट अब तक किसी दुःस्वप्न जैसा रहा है, क्योंकि पिछले ६ पारियों में वह ४ बार बिना खाता खोले पवेलियन लौटे हैं।
इस मैच में पाकिस्तान ने एक ऐसी रणनीति अपनाई जो टी-२० विश्व कप के इतिहास में पहले कभी नहीं देखी गई। कप्तान सलमान ने उस्मान तारिक के साथ मिलकर कुल ६ स्पिनरों को मोर्चे पर लगा दिया। भारतीय बल्लेबाज इस फिरकी के जाल में पूरी तरह उलझते नजर आए। तिलक वर्मा ने २४ गेंदों में २५ रनों की बेहद धीमी पारी खेली, जिससे रनों की रफ्तार रुक गई। कप्तान सूर्यकुमार यादव (३२ रन) भी उस्मान तारिक की फिरकी को समझने में नाकाम रहे और अपना विकेट गंवा बैठे।
लेकिन एक तरफ जहां विकेट गिर रहे थे, वहीं ईशान किशन ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। ईशान ने मात्र २७ गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और युवराज सिंह का १२ साल पुराना रिकॉर्ड (२९ गेंदों में ५० रन) ध्वस्त कर दिया। ईशान ने अपनी ४० गेंदों की पारी में शानदार ७७ रन बनाए। पूर्व दिग्गज रवि शास्त्री ने कमेंट्री के दौरान कहा कि ऐसा लग रहा था जैसे ईशान किसी अलग ही पिच पर बल्लेबाजी कर रहे हों। अंत में शिवम दुबे (२७) और रिंकू सिंह (११*) की बदौलत भारत ने २० ओवर में १७५/७ का स्कोर खड़ा किया। यह आईसीसी टी-२० विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। अब दारोमदार भारतीय गेंदबाजों पर है कि वे इस चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का बचाव कैसे करते हैं।