दुनिया के नंबर १ बल्लेबाज को क्या हुआ? ६ मैचों में ४ बार ‘डक’, अभिषेक शर्मा बने टीम इंडिया की टेंशन!

टी-२० वर्ल्ड कप २०२६ में भारत और पाकिस्तान के बीच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में जब मुकाबला शुरू हुआ, तो हर किसी की निगाहें दुनिया के नंबर १ टी-२० बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पर टिकी थीं। लेकिन कोलंबो की इस पिच पर अभिषेक के लिए एक बार फिर हकीकत किसी डरावने सपने जैसी साबित हुई। पाकिस्तान के खिलाफ हाई-वोल्टेज मैच में अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। लगातार दूसरे मैच में शून्य पर आउट होने वाले अभिषेक अब भारतीय टीम प्रबंधन के लिए सबसे बड़ी सिरदर्द बन गए हैं।

अभिषेक इस मैच से पहले पेट में संक्रमण की वजह से बीमार थे, लेकिन टीम की जरूरत को देखते हुए उन्होंने मैदान पर उतरने का फैसला किया। हालांकि, उनका यह साहस रनों में तब्दील नहीं हो सका। पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने जब गेंदबाजी की शुरुआत की, तो अभिषेक उनकी चौथी ही गेंद पर आसान सा कैच थमा बैठे। ४ गेंदों के संघर्ष के बाद जब वह मैदान से बाहर जा रहे थे, तो स्टेडियम में मौजूद हजारों भारतीय समर्थकों के बीच सन्नाटा पसर गया। पिछले ६ टी-२० अंतरराष्ट्रीय मैचों में यह चौथी बार है जब अभिषेक शून्य पर आउट हुए हैं।

दुनिया का नंबर १ बल्लेबाज होने के नाते उनसे उम्मीदें आसमान पर थीं, लेकिन आंकड़ों की हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। मुंबई में अमेरिका के खिलाफ पहली गेंद पर आउट होने के बाद, अब पाकिस्तान के खिलाफ भी वह पूरी तरह नाकाम रहे। आलोचकों का मानना है कि अभिषेक की आक्रामक बल्लेबाजी अब उनके लिए कमजोरी बनती जा रही है। अगर वर्ल्ड कप के अगले मैचों में अभिषेक का बल्ला नहीं बोला, तो टीम इंडिया के लिए पावरप्ले में तेज शुरुआत करना मुश्किल हो जाएगा। अब देखना होगा कि कप्तान और कोच अभिषेक पर भरोसा बरकरार रखते हैं या टीम संयोजन में कोई बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *