चीन सीमा से राहुल गांधी पर बरसे किरेन रिजिजू! बोले- “सीमा विवाद पर टिप्पणी करने से पहले राहुल को थोड़ा पढ़ना चाहिए”

बुमला पास: केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोमवार को अरुणाचल प्रदेश के बुमला पास में भारत-चीन सीमा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गलवान घाटी संघर्ष को लेकर राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयानों की कड़ी निंदा की। रिजिजू ने दो टूक शब्दों में कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “राहुल गांधी को सीमा विवाद के बारे में कुछ नहीं पता। उन्हें बोलने से पहले खुद को शिक्षित करना चाहिए और सीखना चाहिए।”
विवाद तब शुरू हुआ जब राहुल गांधी ने संसद में पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की एक अप्रकाशित किताब का हवाला देते हुए मोदी सरकार पर सवाल उठाए। राहुल ने आरोप लगाया था कि 2020 के गतिरोध के दौरान प्रधानमंत्री ने सेना प्रमुख को “जो सही लगे वो करें” कहकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया था। केंद्र सरकार ने इसका कड़ा विरोध करते हुए कहा कि एक ऐसी किताब जो अभी प्रकाशित भी नहीं हुई है, उसके संदर्भ देना नियमों का उल्लंघन है और यह राष्ट्रीय हित के खिलाफ है।
रिजिजू ने राहुल गांधी पर हमला तेज करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा एक गंभीर विषय है और इसे राजनीतिक तमाशा नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष के नोटिस को भी खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस के पास बहुमत नहीं है और वे केवल संसद की कार्यवाही में बाधा डालने के लिए ऐसे मुद्दे उठा रहे हैं। रिजिजू ने जोर देकर कहा कि विपक्ष के हंगामे के कारण संसद का कीमती समय बर्बाद हो रहा है।