छोटे पर्दे पर वापसी कर रही हैं दीपाबंविता रक्षित; ‘शुधु तोमारी जोन्नो’ में दिखेगा अनोखा लव ट्रायंगल

कोलकाता: बंगाली टेलीविजन पर एक बार फिर से रोमांस का जादू चलने वाला है। मशहूर प्रोडक्शन हाउस SVF एक नया धारावाहिक ‘शुधु तोमारी जोन्नो’ (सिर्फ तुम्हारे लिए) लेकर आ रहा है। इस शो की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें कोई भी नकारात्मक पात्र (Villian) नहीं होगा। यह कहानी पूरी तरह से प्यार की अलग-अलग परिभाषाओं पर आधारित है। इस शो के जरिए लोकप्रिय अभिनेत्री दीपाबंविता रक्षित लंबे समय बाद पर्दे पर लौट रही हैं, जहाँ उनकी जोड़ी शुभ्रजीत साहा के साथ दिखेगी।
क्या है कहानी? यह प्रेम त्रिकोण राही, राहुल और तितली के इर्द-गिर्द घूमता है। राहुल, तितली (मंदिरा देवनाथ) से प्यार करता है और उसे प्रपोज करता है। लेकिन तितली की शर्त है कि वह केवल उसी से शादी करेगी जो उसे अमेरिका ले जाकर सेटल कर सके। राहुल उसके प्यार में इस शर्त को मान लेता है। वहीं, राहुल के पिता को राही पसंद है, जो बहुत ही सुलझी हुई और सादगी पसंद लड़की है। राही का मानना है कि प्यार निस्वार्थ होता है।
18 फरवरी से होगा आगाज़: राहुल, राही और तितली की सोच और उनके सपनों का टकराव इस शो को दिलचस्प बनाएगा। SVF ने इससे पहले ‘पोटोल कुमार गानवाला’ और ‘अनुरागेर छोंवा’ जैसे सुपरहिट शो दिए हैं, इसलिए दर्शकों को इस नए शो से काफी उम्मीदें हैं। यह धारावाहिक 18 फरवरी से शाम 5:30 बजे प्रसारित होगा। बिना किसी साजिश और ड्रामे के, केवल भावनाओं के दम पर यह शो दर्शकों का दिल जीतने के लिए तैयार है।