सावधान! AFib बन रहा है हजारों मौतों की वजह, क्या एक कप कॉफी बचा सकती है आपकी जान?

अब तक माना जाता था कि दिल की बीमारी होने पर कैफीन या कॉफी से दूरी बना लेनी चाहिए, लेकिन हालिया शोध ने इस धारणा को पूरी तरह बदल दिया है। यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया और एडिलेड यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने दावा किया है कि रोजाना कॉफी का सेवन ‘एट्रियल फाइब्रिलेशन’ (AFib) जैसी गंभीर स्थिति के खतरे को ३९% तक कम कर सकता है।
क्या है AFib और यह क्यों है जानलेवा? AFib दिल की धड़कन से जुड़ा एक विकार है जिसमें हृदय के ऊपरी कक्ष अनियमित रूप से धड़कने लगते हैं। इससे दिल की धड़कन तेज हो जाती है और शरीर में रक्त के थक्के जमने का डर रहता है, जिससे हार्ट फेलियर या स्ट्रोक हो सकता है। दुनिया भर में करोड़ों लोग इस साइलेंट किलर का शिकार हो रहे हैं।
रिसर्च के चौंकाने वाले नतीजे: ‘JAMA’ मेडिकल जर्नल में प्रकाशित ‘DECAF’ अध्ययन के अनुसार, जो लोग रोजाना कम से कम एक कप कॉफी पीते हैं, उनमें अनियमित दिल की धड़कन की समस्या उन लोगों की तुलना में ३९% कम पाई गई जो कॉफी बिल्कुल नहीं पीते। डॉ. ग्रेगरी मार्कस के अनुसार, कॉफी न केवल शरीर की सूजन (Inflammation) को कम करती है, बल्कि यह एक हल्के मूत्रवर्धक (Diuretic) के रूप में काम कर ब्लड प्रेशर को भी नियंत्रित करने में मदद करती है।
जीवनशैली में छोटे बदलाव, बड़े फायदे: विशेषज्ञों का कहना है कि कॉफी पीने वाले लोग अक्सर मीठे कोल्ड ड्रिंक्स के बजाय कॉफी चुनते हैं, जो उनके दिल के लिए बेहतर साबित होता है। हालांकि, शोधकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि कॉफी का लाभ तभी मिलता है जब इसका सेवन सीमित मात्रा में किया जाए। यदि आप भी अपने दिल को स्वस्थ रखना चाहते हैं, तो विशेषज्ञों की सलाह पर ब्लैक कॉफी को अपनी डाइट का हिस्सा बना सकते हैं।