बैंक लॉकर में भी सेंध! ३.५ करोड़ का सोना लेकर डिप्टी मैनेजर फरार, जुए की लत ने बनाया अपराधी

अगर आप अपने कीमती गहनों को बैंक लॉकर में सुरक्षित मानकर बेफिक्र हैं, तो यह खबर आपकी नींद उड़ा सकती है। बेंगलुरु में एक बैंक के डिप्टी मैनेजर ने ही अपने ग्राहकों के भरोसे का कत्ल कर दिया। आरोपी ने बैंक लॉकर से करीब २.७८ किलोग्राम सोना चोरी किया और उसे गिरवी रखकर मिले करोड़ों रुपये जुए में उड़ा दिए।

कैसे हुआ खुलासा? रिपोर्ट्स के मुताबिक, चोरी किए गए सोने की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब ३.५ करोड़ रुपये आंकी गई है। आरोपी डिप्टी मैनेजर ने बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों को बिना बताए चुपके से गहने निकाल लिए और उन्हें एक गोल्ड लोन कंपनी में गिरवी रख दिया। जब बैंक के मुख्य प्रबंधक को ऑडिट के दौरान अनियमितता का पता चला, तो उन्होंने गिरिनगर थाने में मामला दर्ज कराया।

पुलिस की कार्रवाई: पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में पता चला कि चोरी की गई रकम का इस्तेमाल ऑनलाइन जुआ खेलने के लिए किया गया था। पुलिस ने अब तक करीब ७०० ग्राम सोना बरामद कर लिया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है। बेंगलुरु पुलिस ने अब सभी बैंक ग्राहकों को सलाह दी है कि वे समय-समय पर अपने लॉकर की जांच खुद जाकर जरूर करें ताकि भविष्य में ऐसी धोखाधड़ी से बचा जा सके।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *