बंगाल में मोदी की ‘मेगा हुंकार’! क्या रथ यात्रा के जरिए कोलकाता के ब्रिगेड में इतिहास रचेगी बीजेपी?

पश्चिम बंगाल में आगामी चुनावों की सुगबुगाहट के बीच भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने एक बहुत बड़े राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन की योजना बनाई है। सूत्रों के मुताबिक, मार्च के मध्य में कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक विशाल रैली आयोजित की जा सकती है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे। इस मेगा रैली के लिए संभावित रूप से 15 मार्च की तारीख पर विचार किया जा रहा है।
रथ यात्रा और ब्रिगेड का संगम बीजेपी की इस बार की रणनीति का मुख्य आकर्षण ‘रथ यात्रा’ होने वाली है। दक्षिण बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों से शुरू होने वाली यह यात्राएं राज्य के कोने-कोने से गुजरते हुए कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में समाप्त होंगी। पार्टी सूत्रों का कहना है कि होली (दोल उत्सव) के तुरंत बाद इन रथों को रवाना किया जाएगा ताकि अधिकतम जनसंपर्क साधा जा सके और ब्रिगेड रैली में ऐतिहासिक भीड़ जुटाई जा सके।
रणनीतिक बैठक और ‘माइक्रो-प्लानिंग’ चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए कल साल्ट लेक के एक होटल में सुबह 11 बजे बंगाल बीजेपी की अहम बैठक होने वाली है। इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव सहित कई दिग्गज नेता शामिल होंगे। इस बैठक का मुख्य एजेंडा चार प्रमुख ‘विकास रथों’ का रूट तय करना है, जो केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे ‘पीएम राहत’ और अन्य विकास कार्यों का प्रचार करेंगे।
जनता की राय से बनेगा घोषणापत्र बीजेपी इस बार स्थानीय मुद्दों पर विशेष ध्यान दे रही है। पार्टी हर विधानसभा क्षेत्र के लिए एक अलग ‘चार्जशीट’ तैयार कर रही है, जिसमें स्थानीय समस्याओं और सत्ताधारी दल की विफलताओं का जिक्र होगा। साथ ही, जनमत संग्रह के जरिए लोगों की राय को सीधे चुनावी घोषणापत्र (Manifesto) में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रधानमंत्री मोदी के आगमन और इस मेगा रथ यात्रा के जरिए बीजेपी बंगाल के मतदाताओं को एक कड़ा राजनीतिक संदेश देना चाहती है। हालांकि तारीखों की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है, लेकिन ब्रिगेड के मैदान को फतह करने के लिए बीजेपी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।