बंगाल चुनाव से पहले कूचबिहार में सियासी घमासान! 1 महीने में 9 बीजेपी नेता गिरफ्तार, ‘ड्रग्स केस’ को बताया फर्जी

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले कूचबिहार जिला एक बार फिर राजनीतिक युद्ध के मैदान में तब्दील हो गया है। पिछले एक महीने में दिनहाटा और सिताई सहित जिले के विभिन्न हिस्सों से ११ भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से ९ लोगों पर एनडीपीएस (NDPS) यानी ड्रग्स तस्करी का मामला दर्ज किया गया है। भाजपा ने इन सभी मामलों को “पूरी तरह से फर्जी” करार देते हुए सोमवार को जिला पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की और निष्पक्ष जांच की मांग की।

क्या है भाजपा का आरोप? बीजेपी विधायक मिहिर गोस्वामी ने पुलिस पर सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सिताई और दिनहाटा में भाजपा के मंडल अध्यक्षों को साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। हाल ही में सुकुमार बर्मन, कृष्ण मंडल और सुशांत दास जैसे नेताओं को प्रतिबंधित कफ सिरप और नशीले पदार्थों के साथ गिरफ्तार दिखाया गया है, जबकि परिजनों का दावा है कि उन्हें पुलिस ने घर से उठाकर बाद में झूठा केस बनाया है।

पुलिस का रुख: कूचबिहार पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि भाजपा विधायकों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराई हैं और उन्हें आश्वासन दिया गया है कि कानून के मुताबिक कार्रवाई होगी। पुलिस ने किसी भी तरह के राजनीतिक दबाव से इनकार किया है और कहा है कि गिरफ्तारियां पुख्ता खुफिया जानकारी के आधार पर की गई हैं। चुनाव से पहले इन गिरफ्तारियों ने जिले की राजनीतिक सरगर्मी को और बढ़ा दिया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *