जम्मू में बड़ी वारदात! जेल तोड़कर भागे २ पाकिस्तानी, पुलिस पर फायरिंग कर हुए फरार

जम्मू-कश्मीर के आरएस पुरा सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के करीब एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सोमवार शाम करीब ५:१५ बजे, एक जुवेनाइल होम (सुधार गृह) से दो पाकिस्तानी नागरिकों सहित तीन कैदी पुलिस पर हमला कर फरार हो गए। इस घटना के बाद जम्मू पुलिस और सुरक्षा बलों ने पूरे सीमावर्ती इलाके में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

पुलिस पर हमला और गोलीबारी खबरों के मुताबिक, इन कैदियों ने भागने के लिए जुवेनाइल होम का दरवाजा तोड़ दिया। जब वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि अपराधियों ने पुलिस पर गोलियां भी चलाईं और हथियार छीनने की कोशिश की। इस हिंसक झड़प में दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कौन हैं ये फरार कैदी? फरार कैदियों की पहचान मोहम्मद सुना उल्लाह और अहसान अनवर के रूप में हुई है, जो पाकिस्तान के नागरिक हैं। इनके साथ स्थानीय निवासी करजीत सिंह उर्फ ​​गुग्गा भी फरार हुआ है। पाकिस्तानी बंदियों की संलिप्तता ने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। आशंका जताई जा रही है कि वे अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने की फिराक में हो सकते हैं।

इलाके में भारी घेराबंदी पीटीआई के अनुसार, घटना के तुरंत बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सीमा सुरक्षा बल (BSF) को भी अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस ने जंगलों और रिहायशी इलाकों की घेराबंदी कर ली है। अधिकारियों का कहना है कि इन कैदियों का भागना एक पूर्व-नियोजित साजिश का हिस्सा हो सकता है। फिलहाल ड्रोन और डॉग स्क्वायड की मदद से तलाश जारी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *