भारत से हार का साइड इफेक्ट! बाबर आजम और शाहीन अफरीदी होंगे ड्रॉप? पाकिस्तान टीम में मची खलबली

भारत के खिलाफ 61 रनों की शर्मनाक हार ने पाकिस्तान क्रिकेट में भूकंप ला दिया है। इस हार की गाज अब टीम के दो सबसे बड़े सितारों—बाबर आजम और शाहीन शाह अफरीदी पर गिर सकती है। जियो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, टीम मैनेजमेंट इन दोनों सीनियर खिलाड़ियों के प्रदर्शन से बेहद नाखुश है। बुधवार, 18 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ होने वाले ‘करो या मरो’ के मुकाबले में बाबर और शाहीन को प्लेइंग इलेवन से बाहर किया जा सकता है।
कोच और मैनेजमेंट का कड़ा रुख भारत के खिलाफ बाबर आजम केवल 5 रन बनाकर चलते बने, जबकि शाहीन अफरीदी ने अपने 2 ओवरों के स्पेल में 31 रन लुटा दिए। कोच माइक हेसन अब टीम की बेंच स्ट्रेंथ को आजमाने के मूड में हैं। नामीबिया के खिलाफ मैच में पाकिस्तान की टीम में 2 से 3 बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। सलमान अली आगा और बाकी खिलाड़ियों ने सोमवार को अभ्यास नहीं किया था, लेकिन आज वे मैदान पर उतरेंगे।
सेना प्रमुख की एंट्री, नकवी की होगी छुट्टी? मैदान के बाहर भी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) में भारी उथल-पुथल मची है। पाक सेना प्रमुख असीम मुनीर ने टीम के खराब प्रबंधन पर गहरी नाराजगी जताई है। सूत्रों के मुताबिक, मुनीर ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को इस मामले की जांच करने और पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी के खिलाफ कदम उठाने का निर्देश दिया है। शोएब अख्तर जैसे पूर्व क्रिकेटर पहले ही नकवी को ‘अयोग्य’ करार दे चुके हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि नकवी की जल्द ही छुट्टी हो सकती है और बोर्ड में बड़े प्रशासनिक फेरबदल किए जाएंगे।