मोबाइल से करें ‘युवसाथी’ आवेदन! घर बैठे मिलेगी बेरोजगारी भत्ता, जानें ऑनलाइन फॉर्म भरने का तरीका

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शिक्षित बेरोजगारों के लिए ‘युवसाथी’ (Yuva Sathi) योजना का ऐलान कर बड़ी राहत दी है। इस योजना के तहत राज्य के बेरोजगार युवाओं को हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। खास बात यह है कि अब इसके लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है; पूरी आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन उपलब्ध है।

पात्रता और लाभ इस योजना का लाभ उन उम्मीदवारों को मिलेगा जो पश्चिम बंगाल के स्थायी निवासी हैं और जिनकी आयु 21 से 40 वर्ष के बीच है। आवेदक का कम से कम माध्यमिक (कक्षा 10) पास होना अनिवार्य है। यह भत्ता 1 अप्रैल 2026 से मिलना शुरू होगा और अगले 5 वर्षों तक या नौकरी मिलने तक जारी रहेगा।

ऑनलाइन आवेदन कैसे करें (स्टेप-बाय-स्टेप) 1. पोर्टल पर जाएं: सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट https://apas.wb.gov.in पर जाएं।

2. पंजीकरण: ‘Apply Online’ सेक्शन में अपना मोबाइल नंबर दर्ज करें और ओटीपी (OTP) के जरिए सत्यापन करें।

3. फॉर्म भरें: स्क्रीन पर आए फॉर्म में अपना नाम, पता, आधार नंबर और जन्मतिथि जैसी जानकारी भरें।

4. दस्तावेज अपलोड करें: माध्यमिक का एडमिट कार्ड, मार्कशीट, आधार कार्ड, वोटर आईडी और बैंक पासबुक की स्कैन कॉपी अपलोड करें। ध्यान रहे कि फाइल्स PDF फॉर्मेट में और 300 KB से कम होनी चाहिए।

5. बैंक विवरण: आधार से लिंक बैंक अकाउंट नंबर और IFSC कोड सावधानीपूर्वक दर्ज करें ताकि डीबीटी (DBT) के जरिए सीधे खाते में पैसे आ सकें।

6. सबमिट: सभी जानकारी जांचने के बाद ‘Submit’ बटन पर क्लिक करें और भविष्य के लिए अपनी एप्लीकेशन आईडी नोट कर लें।

जिन क्षेत्रों में ऑनलाइन सुविधा की कमी है, वहां 15 से 26 फरवरी 2026 तक विशेष कैंप लगाए गए हैं, जहां ऑफलाइन फॉर्म भी स्वीकार किए जा रहे हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *