राजपाल यादव के बाद अब अमीषा पटेल की बारी? चेक बाउंस केस में ‘गदर’ एक्ट्रेस की बढ़ी मुश्किलें!

बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव फिलहाल चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में सजा काट रहे हैं। इसी बीच, ‘गदर’ फेम अभिनेत्री अमीषा पटेल भी ठीक वैसी ही कानूनी मुसीबत में फंस गई हैं। मुरादाबाद की एक अदालत ने अमीषा के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (Non-Bailable Warrant) जारी किया है। आरोप है कि बार-बार समन भेजे जाने के बावजूद अभिनेत्री कोर्ट में पेश नहीं हुईं, जिससे अदालत का रुख अब सख्त हो गया है।
क्या है पूरा मामला? यह विवाद २०१७ का है। मुरादाबाद की एक इवेंट कंपनी ‘ड्रीम विजन’ के मालिक पवन कुमार वर्मा के अनुसार, एक हाई-प्रोफाइल शादी में परफॉर्म करने के लिए अमीषा को ११ लाख रुपये एडवांस दिए गए थे। लेकिन ऐन वक्त पर एक्ट्रेस ने आने से मना कर दिया, जिससे आयोजकों को भारी नुकसान हुआ। बाद में अमीषा ने कुछ पैसे लौटाए, लेकिन बाकी रकम का चेक बैंक में बाउंस हो गया।
कोर्ट की कड़ी चेतावनी सालों से चल रहे इस केस में अमीषा कभी शूटिंग तो कभी अन्य कारणों का हवाला देकर पेशी से बचती रही हैं। कोर्ट ने अब साफ कर दिया है कि २७ मार्च, २०२६ को होने वाली अगली सुनवाई में अगर वह मौजूद नहीं रहती हैं, तो पुलिसिया कार्रवाई के जरिए उन्हें गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने का आदेश दिया जा सकता है।
राजपाल यादव की जेल की खबर से पहले ही फैंस परेशान हैं, अब अमीषा की इस खबर ने बॉलीवुड में हलचल तेज कर दी है। क्या २७ मार्च को अमीषा कोर्ट पहुंचेंगी या विवाद कोई नया मोड़ लेगा, यह देखना दिलचस्प होगा।