“तुम 420 हो तो मैं 440 वोल्ट हूँ!” मछली-मांस पर बैन की आहट देख भड़कीं ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी पर सीधा हमला बोलते हुए दावा किया है कि अगर भाजपा सत्ता में आई, तो बंगाल में मछली और मांस खाने पर पाबंदी लगा दी जाएगी। मंगलवार को एक सभा को संबोधित करते हुए ममता ने बिहार का उदाहरण दिया और कहा, “बिहार में खुले बाजार में मांस बेचने पर रोक लगाई जा रही है। क्या अब बंगाल के लोग ताजी मछली के लिए शॉपिंग मॉल जाएंगे? यह गरीब मछली विक्रेताओं की रोजी-रोटी छीनने की साजिश है।”
चुनाव आयोग को बताया ‘तुगलकी’: वोटर लिस्ट में गड़बड़ी और नाम काटे जाने के मुद्दे पर ममता ने चुनाव आयोग को ‘तुगलकी कमीशन’ करार दिया। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) से सवाल किया कि रिटायरमेंट के बाद उन्हें कौन सा पद चाहिए—राष्ट्रपति या राज्यपाल? ममता ने चुनौती देते हुए कहा, “हिम्मत है तो वैध मतदाताओं का नाम काटे बिना निष्पक्ष चुनाव कराकर दिखाओ। पिछले दरवाजे से एंट्री की कोशिश न करें।”
ममता का 440 वोल्ट का झटका: बीजेपी को चेतावनी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “अगर आप 420 (धोखेबाज) हैं, तो याद रखिए मैं 440 वोल्ट का करंट हूँ। मुझे उकसाएं नहीं, वरना मैं उन लोगों के नाम उजागर कर दूंगी जिन्हें आपने शरण दे रखी है।” उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके पास बीजेपी के हर कदम की खबर रहती है। पेगासस का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनके भी लोग हर जगह तैनात हैं।
अफसरों को दिया प्रमोशन का भरोसा: चुनाव आयोग द्वारा जिन अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है, उनके समर्थन में उतरते हुए ममता ने कहा, “अगर आयोग किसी का डिमोशन करेगा, तो मेरी सरकार उन्हें प्रमोशन देगी। हम अपने अफसरों के साथ खड़े हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि एलआईसी और रेलवे जैसे केंद्रीय संस्थानों से भाजपा समर्थकों को माइक्रो-ऑब्जर्वर बनाकर बंगाल भेजा जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।