शाकाहारियों के लिए वरदान है ‘प्रह्लाद’! प्रोटीन और आयरन से भरपूर इस सुपरफूड के फायदे उड़ा देंगे होश

सेहत के प्रति जागरूक लोगों के बीच इन दिनों ‘विशिया फावा’ (Vicia Faba), जिसे ‘प्रह्लाद’ के नाम से भी जाना जाता है, एक शक्तिशाली सुपरफूड के रूप में उभरा है। आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. प्रियंका सिंह के अनुसार, यह पौधा पोषक तत्वों का खजाना है। विशेष रूप से शाकाहारियों के लिए यह प्रोटीन का एक बेहतरीन विकल्प है, जो मांसपेशियों और बालों को स्वस्थ रखने में मदद करता है।
सेहत के लिए कई फायदे: डॉ. सिंह बताती हैं कि एक कप पका हुआ फवा बीन्स शरीर को अंदर से मजबूत बनाता है। इसमें मौजूद हाई फाइबर पाचन तंत्र को दुरुस्त रखता है और कब्ज जैसी समस्याओं से निजात दिलाता है। एनीमिया यानी खून की कमी से जूझ रहे लोगों के लिए इसमें मौजूद आयरन रामबाण है। वहीं, गर्भवती महिलाओं के लिए इसका फोलेट (विटामिन B9) भ्रूण के विकास में बेहद सहायक होता है।
दिल और हड्डियों का ख्याल: फवा बीन्स में पोटेशियम और मैग्नीशियम की प्रचुर मात्रा होती है, जो रक्तचाप को संतुलित कर हृदय को स्वस्थ रखती है। यह शरीर से खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करने में भी प्रभावी है। इसमें मौजूद मैंगनीज और अन्य खनिज हड्डियों को मजबूती प्रदान करते हैं, जबकि कॉपर और फोलेट रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं।
सावधानी जरूरी: हालांकि इसके फायदे अनगिनत हैं, लेकिन डॉ. प्रियंका सिंह ने कुछ विशेष स्थितियों में इसके सेवन को लेकर चेतावनी भी दी है। जिन लोगों को G6PD की समस्या है, उन्हें इसके सेवन से बचना चाहिए। किसी भी पहले से मौजूद बीमारी की स्थिति में इसे अपनी डाइट का हिस्सा बनाने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।