राज्यसभा चुनाव का बिगुल! 16 मार्च को बंगाल की 5 सहित देश की 37 सीटों पर होगी वोटिंग

भारतीय निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा की 37 खाली हो रही सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा कर दी है। बुधवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, पश्चिम बंगाल सहित 10 राज्यों में आगामी 16 मार्च को मतदान होगा। यह चुनाव उन सदस्यों की सीटों को भरने के लिए किए जा रहे हैं जिनका कार्यकाल अप्रैल 2026 में समाप्त होने वाला है।

चुनाव कार्यक्रम का विवरण: आयोग के अनुसार, राज्यसभा चुनाव की आधिकारिक अधिसूचना 26 फरवरी को जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 मार्च है। इसके बाद 6 मार्च को नामांकनों की जांच की जाएगी, जबकि 9 मार्च तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकते हैं। 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतों की गिनती शुरू कर दी जाएगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 मार्च तक संपन्न कर ली जाएगी।

पश्चिम बंगाल का समीकरण: बंगाल की जिन 5 सीटों पर चुनाव होने हैं, उनमें वर्तमान में सुब्रत बख्शी, साकेत गोखले, ऋतब्रत बनर्जी (TMC) और वामपंथी नेता विकास रंजन भट्टाचार्य का कार्यकाल 2 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। इसके अलावा मौसम नूर के इस्तीफे से खाली हुई सीट पर भी मतदान होगा। विधानसभा में विधायकों की मौजूदा संख्या के आधार पर, 5 में से 4 सीटों पर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) की जीत लगभग तय है, जबकि एक सीट पर भाजपा अपना उम्मीदवार सदन में भेजने की स्थिति में है।

अन्य राज्यों की स्थिति: महाराष्ट्र की सबसे ज्यादा 7 सीटों पर चुनाव होंगे। इसके बाद तमिलनाडु और बिहार (6-6 सीटें), ओडिशा (4), असम (3), तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और हरियाणा (2-2 सीटें) और हिमाचल प्रदेश (1) में चुनाव होने हैं। चूंकि राज्यसभा चुनाव विधायकों के मतों पर आधारित होते हैं, इसलिए सभी राजनीतिक दलों ने अपने-अपने समीकरण साधने शुरू कर दिए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *