Voter List Scam: चुनाव आयोग पर अभिषेक बनर्जी का बड़ा हमला, बोले- ‘दिल्ली के जमींदारों’ के इशारे पर हो रहा खेल!

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची में संशोधन को लेकर तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर उन्होंने आयोग की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाते हुए तकनीकी धोखाधड़ी और प्रशासनिक अनियमितताओं का आरोप लगाया। अभिषेक का सीधा निशाना विशेष रोल ऑब्जर्वर सी मुरुगन पर है, जिन्हें लेकर उन्होंने दावा किया कि आधिकारिक चैनलों को दरकिनार कर व्हाट्सएप के जरिए अवैध निर्देश दिए जा रहे हैं।
अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि माइक्रो ऑब्जर्वर को जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित ऐसे निर्देश दिए जा रहे हैं, जिनका एकमात्र उद्देश्य मतदाता सूची से नाम हटाने की संख्या को कृत्रिम रूप से बढ़ाना है। उन्होंने यह भी दावा किया कि रोल ऑब्जर्वर के लॉग-इन क्रेडेंशियल का इस्तेमाल कोलकाता के किसी केंद्रीय स्थान से ‘रिमोट एक्सेस’ के जरिए किया जा रहा है, ताकि एक विशेष समुदाय के लोगों के नाम सूची से हटाए जा सकें। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि जांच की जाए, तो लॉग-इन करने वाले डिवाइस का आईपी एड्रेस और संबंधित अधिकारी की मोबाइल टावर लोकेशन अलग-अलग मिलेगी। अभिषेक ने चेतावनी दी कि चुनाव आयोग को ‘दिल्ली के जमींदारों’ के इशारे पर काम करना बंद करना चाहिए, अन्यथा पार्टी इस धांधली के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी।