अजेय दक्षिण अफ्रीका का विजय रथ जारी! UAE को हराकर सुपर-8 में मारी एंट्री, अब अहमदाबाद में भारत से टक्कर

2026 ICC टी-20 वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका की टीम शानदार फॉर्म में नजर आ रही है। ग्रुप स्टेज के अपने आखिरी मैच में बुधवार को प्रोटियाज टीम ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को ६ विकेट से करारी शिकस्त दी। ग्रुप डी में अपने चारों मैच जीतकर दक्षिण अफ्रीका अब आत्मविश्वास के साथ सुपर-८ चरण में प्रवेश कर चुकी है। अब सबकी निगाहें रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर हैं, जहाँ उनका सामना दुनिया की नंबर-१ टीम भारत से होगा।
गेंदबाजों के आगे ढेर हुई अमीरात की टीम: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्कराम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। दक्षिण अफ्रीकी पेस अटैक के सामने UAE के बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए। निर्धारित २० ओवरों में UAE ६ विकेट पर केवल १२२ रन ही बना सकी। अलीशान शराफु ने सबसे ज्यादा ४५ रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें सहयोग नहीं मिला। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कॉर्बिन बॉश ने ४ ओवर में मात्र १२ रन देकर ३ विकेट चटकाए, जिसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका: सुपर-८ का महामुकाबला: १२३ रनों के लक्ष्य को दक्षिण अफ्रीका ने महज १३.२ ओवरों में ४ विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने सुपर-८ के लिए अपनी तैयारियों का लोहा मनवा दिया है। पिछले टी-20 वर्ल्ड कप के विजेता (भारत) और उपविजेता (दक्षिण अफ्रीका) के बीच रविवार को होने वाला मुकाबला बेहद रोमांचक होने वाला है। दोनों ही टीमें फिलहाल शानदार लय में हैं, ऐसे में अहमदाबाद का मैदान एक ऐतिहासिक भिड़ंत का गवाह बनेगा।