सुंदरबन में कुदरत का कहर! अमावस्या के ज्वार में गोमोर नदी का तटबंध धंसा, डूबने के डर से सहमे ग्रामीण

पश्चिम बंगाल के दक्षिण २४ परगना जिले के सुंदरबन क्षेत्र में अमावस्या के ज्वार (High Tide) ने तबाही की आहट दी है। मंगलवार शाम गोसाबा ब्लॉक के पाखिरालय इलाके में गोमोर नदी के तटबंध का करीब ४० फीट हिस्सा अचानक धंस गया। अचानक हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई है। नदी का जलस्तर बढ़ने से तटबंध पर दबाव लगातार बना हुआ है, जिससे बड़े खतरे की आशंका जताई जा रही है।
युद्धस्तर पर मरम्मत का काम: घटना की जानकारी मिलते ही सिंचाई विभाग के कर्मचारी और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। ज्वार के दौरान गांव में पानी घुसने से रोकने के लिए मिट्टी और रेत से भरे जियोबैग डालकर अस्थायी मरम्मत शुरू की गई। सिंचाई विभाग का दावा है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और गांव में पानी नहीं घुसा है, लेकिन पूरी रात निगरानी रखी जा रही है।
जहाजों की आवाजाही पर उठे सवाल: जिला परिषद सदस्य अनिमेष मंडल ने आरोप लगाया है कि इस इलाके से गुजरने वाले बांग्लादेशी मालवाहक जहाजों के कारण उठने वाली तेज लहरें बांध को कमजोर कर रही हैं। पाखिरालय के पुराने घाट, ज्योतिरामपुर और हेतालबेड़िया जैसे इलाके पहले से ही कटाव की चपेट में हैं। ग्रामीणों की मांग है कि बार-बार अस्थायी मरम्मत करने के बजाय, कंक्रीट के पक्के बांध बनाए जाएं ताकि सुंदरबन के अस्तित्व को बचाया जा सके।