क्या भारत से छिन जाएगी वर्ल्ड कप की मेजबानी? पाकिस्तान-बांग्लादेश के ड्रामे से ICC नाराज!

भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक चिंताजनक खबर सामने आ रही है। क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था आईसीसी (ICC) भारत से आगामी बड़े टूर्नामेंटों की मेजबानी छीनने पर विचार कर रही है। इसमें 2029 की चैंपियंस ट्रॉफी और 2031 का वनडे वर्ल्ड कप शामिल है। इस संभावित बदलाव के पीछे भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच चल रहा राजनीतिक और कूटनीतिक गतिरोध मुख्य कारण बताया जा रहा है।

मौजूदा टी20 विश्व कप का आयोजन भारत और श्रीलंका में होना तय था, लेकिन पाकिस्तान और बांग्लादेश की टीमों ने भारत में खेलने से साफ इनकार कर दिया। सुरक्षा और सरकारी निर्देशों का हवाला देते हुए पाकिस्तान ने पहले ही हाथ पीछे खींच लिए थे, और अब बांग्लादेश के भी इसी राह पर चलने से आईसीसी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इन टीमों के न खेलने से न केवल टूर्नामेंट की चमक फीकी पड़ी है, बल्कि आईसीसी को भारी वित्तीय नुकसान का भी सामना करना पड़ा है।

आईसीसी के सूत्रों के मुताबिक, भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे इस विवाद के कारण टूर्नामेंट के शेड्यूल और लॉजिस्टिक्स को मैनेज करना नामुमकिन होता जा रहा है। चूंकि भारत ने पिछले साल पाकिस्तान जाने से मना कर दिया था, जवाब में पाकिस्तान भी अब भारत आने को तैयार नहीं है। दोनों देशों के बीच एक तरह का ‘न्यूट्रल वेन्यू’ समझौता जैसा माहौल बन गया है। इस सिरदर्द से बचने के लिए आईसीसी अब ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों को प्राथमिकता दे रहा है।

ऑस्ट्रेलिया के पास विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचा है और वहां बड़ी संख्या में एशियाई मूल के लोग रहते हैं, जो स्टेडियम में भीड़ सुनिश्चित करते हैं। आईसीसी का मानना है कि ऑस्ट्रेलिया में टूर्नामेंट आयोजित करने से राजनीतिक विवादों का असर खेल पर नहीं पड़ेगा। अगर आईसीसी वाकई भारत से मेजबानी वापस लेती है, तो यह बीसीसीआई के लिए एक बड़ा झटका होगा। हालांकि, अभी अंतिम फैसला होना बाकी है, लेकिन क्रिकेट के गलियारों में हलचल तेज है कि क्या भविष्य के बड़े इवेंट्स अब तटस्थ मैदानों पर ही सिमट कर रह जाएंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *