‘मेरी बेटी की संपत्ति कुर्क की और दामाद को टिकट का ऑफर!’ हुमायूं कबीर का TMC पर सनसनीखेज आरोप

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भरतपुर के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कबीर ने सत्तारूढ़ पार्टी पर बेहद गंभीर और चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि एक तरफ तो पुलिस उनके परिवार को निशाना बना रही है और उनकी बेटी-दामाद की संपत्ति जब्त कर रही है, वहीं दूसरी तरफ टीएमसी उनके दामाद को लालगोला विधानसभा सीट से टिकट देने का लालच दे रही है।
हुमायूं कबीर ने दावा किया कि मालदा के एक बिचौलिए के जरिए उनके समधी के पास यह प्रस्ताव भेजा गया है। उन्होंने कहा, “टीएमसी से पूछिए कि वे एक तरफ तो ड्रग्स केस का हवाला देकर संपत्ति कुर्क कर रहे हैं और दूसरी तरफ उसी परिवार के सदस्य को उम्मीदवार बनाना चाहते हैं? इनसे ज्यादा शातिर और साजिशकर्ता लोग बंगाल में और कोई नहीं मिलेंगे।” गौरतलब है कि हुमायूं द्वारा ‘जनता विकास पार्टी’ बनाने के बाद से ही पुलिस उनके करीबियों पर शिकंजा कस रही है।
सिर्फ दामाद ही नहीं, अब हुमायूं कबीर की पत्नी मीरा सुल्ताना भी प्रशासन के निशाने पर हैं। रेजीनगर में तालाब भरकर घर बनाने के आरोप में भूमि सुधार विभाग ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है और 7 दिनों के भीतर जवाब मांगा है। कबीर का आरोप है कि यह सब उन्हें चुनाव से रोकने की राजनीतिक साजिश है। इस बीच, उन्होंने भंगड़ के बागी नेता अराबुल इस्लाम के साथ अपनी मुलाकातों का भी खुलासा किया। कबीर के अनुसार, अराबुल उनके साथ मिलकर बड़ी लड़ाई लड़ना चाहते हैं। चुनाव से पहले हुमायूं कबीर का यह बागी तेवर और टीएमसी के साथ उनकी यह आर-पार की जंग राज्य के चुनावी समीकरणों को बिगाड़ सकती है।