ममता बनर्जी की बायोपिक बनाएंगे अनुभव सिन्हा? बोले- ‘दीदी जैसा दिलचस्प किरदार बॉलीवुड में नहीं

‘मुल्क’, ‘थप्पड़’ और ‘आर्टिकल 15’ जैसी गंभीर फिल्में बनाने वाले बॉलीवुड निर्देशक अनुभव सिन्हा अब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के जीवन को बड़े पर्दे पर उतारना चाहते हैं। अपनी आगामी फिल्म ‘आशी’ के प्रमोशन के दौरान एक इंटरव्यू में अनुभव ने ममता बनर्जी को एक “बेहद आकर्षक और प्रभावशाली” व्यक्तित्व बताया। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी की राजनीतिक यात्रा और उनका संघर्ष किसी सिनेमाई कहानी से कम नहीं है।
अनुभव सिन्हा ने कहा, “ममता बनर्जी एक ऐसी महिला राजनेता हैं जो सीधे जमीन पर उतरकर राजनीति करती हैं। बंगाल जैसा राजनीतिक रूप से सक्रिय राज्य और वहां एक महिला का इस तरह नेतृत्व करना, वाकई काबिले तारीफ है। उनके जीवन में कई उतार-चढ़ाव रहे हैं, जो एक बायोपिक के लिए शानदार विषय हो सकते हैं।” हालांकि, निर्देशक ने यह भी माना कि यह फिल्म बनाना इतना आसान नहीं होगा। उन्होंने कहा, “मैं उनके बारे में व्यक्तिगत रूप से बहुत ज्यादा नहीं जानता। अगर मुझे उन पर फिल्म बनानी है, तो मुझे उनके साथ समय बिताना होगा।”
इंटरव्यू के दौरान अनुभव ने कोलकाता के आरजी कर कांड पर भी दुख जताया और महिलाओं की सुरक्षा पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि बंगाल से उनका रिश्ता पुराना है, उनकी बहन की शादी कोलकाता में हुई है और वह बंगाली संस्कृति के बहुत करीब रहे हैं। अनुभव सिन्हा ने यह भी साझा किया कि वह मृणाल सेन की फिल्म ‘एकदिन प्रतिदिन’ से काफी प्रभावित हैं। अब देखना यह है कि क्या अनुभव सिन्हा की यह इच्छा हकीकत में बदलती है और क्या बॉलीवुड में ‘दीदी’ की अनसुनी कहानी देखने को मिलती है।