सलीम खान की हालत स्थिर, जल्द वेंटिलेटर से हटाए जाएंगे; सलमान समेत पूरा खान परिवार अस्पताल में मौजूद

दिग्गज पटकथा लेखक और सलमान खान के पिता सलीम खान की सेहत को लेकर बॉलीवुड में मची खलबली के बीच राहत भरी खबर आई है। ९० वर्षीय सलीम खान को मंगलवार सुबह मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहाँ जांच में उनके दिमाग में मामूली रक्तस्राव (Minimal Brain Haemorrhage) का पता चला। बुधवार को अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि उनकी स्थिति अब स्थिर है और वह डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में हैं।
लीलावती अस्पताल के डॉक्टर जलील पारकर ने मीडिया को बताया कि सलीम खान की कोई बड़ी सर्जरी नहीं हुई है। इसके बजाय, एक विशेष मेडिकल प्रक्रिया (DSA) के जरिए उनकी हालत को सुधारा गया है। डॉक्टर ने कहा, “उनके दिमाग में बहुत मामूली ब्लीडिंग थी, जिसे नियंत्रित कर लिया गया है। सुरक्षा के लिहाज से उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है, लेकिन अगर सब कुछ ठीक रहा तो कल तक उन्हें वेंटिलेटर से हटा लिया जाएगा।” मंगलवार को अचानक ब्लड प्रेशर बढ़ने के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया था।
सलीम खान की बीमारी की खबर मिलते ही सलमान खान अपनी शूटिंग छोड़कर अस्पताल पहुंचे। उनके अलावा अरबाज, सोहेल, हेलन और सलमा खान भी अस्पताल में मौजूद हैं। सलीम खान के पुराने साथी जावेद अख्तर ने भी अस्पताल जाकर उनका हालचाल जाना। डॉक्टरों का कहना है कि उम्र को देखते हुए रिकवरी में थोड़ा समय लग सकता है, लेकिन फिलहाल उनके सभी विटल्स (Vital signs) सामान्य हैं। प्रशंसक सोशल मीडिया पर दिग्गज लेखक के जल्द स्वस्थ होने की दुआएं मांग रहे हैं।