‘ये मुझे मार डालेंगे!’ इमरान खान ने जेल से बहनों को भेजा खौफनाक संदेश, मचा हड़कंप

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और क्रिकेट लेजेंड इमरान खान की सलामती को लेकर इस वक्त पूरी दुनिया में खलबली मची हुई है। जेल में बंद इमरान की बहनों, उज़्मा खान और अलीमा खान ने एक सनसनीखेज खुलासा करते हुए कहा है कि इमरान की जान को गंभीर खतरा है। इमरान ने खुद अपनी बहनों से कहा है, “ये लोग मुझे मार डालेंगे, इन्होंने मुझे खत्म करने की पूरी साजिश रच ली है।” परिवार ने इस ‘मर्डर प्लॉट’ के पीछे पाकिस्तान के आंतरिक मामलों के मंत्री मोहसिन नक्वी और सेना प्रमुख असीम मुनीर का नाम लिया है।
इमरान खान के परिवार का दावा है कि जेल में उन्हें उचित चिकित्सा सुविधा नहीं दी जा रही है, जिसके कारण वह अपनी ८५ प्रतिशत दृष्टि खो चुके हैं। उन्हें ‘रेटिनल वेन ऑक्लूजन’ नामक गंभीर बीमारी हुई है, जिसे परिवार ने असीम मुनीर की “क्रूर मास्टर प्लान” करार दिया है। ताज्जुब की बात यह है कि इमरान के निजी डॉक्टरों और विशेषज्ञों को जेल के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। अलीमा खान ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा, “इन्हें खून का स्वाद लग गया है। अगर इमरान को कुछ भी हुआ, तो हम इन्हें छोड़ेंगे नहीं।”
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस मामले की गूंज सुनाई दे रही है। सुनील गावस्कर, कपिल देव और सौरव गांगुली जैसे दिग्गजों ने इमरान के साथ मानवीय व्यवहार की अपील की है। बढ़ते दबाव को देखते हुए अब पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने भी शहबाज शरीफ सरकार से जवाब तलब किया है। क्या इमरान खान को अस्पताल ले जाया जाएगा या वे इस राजनीतिक साजिश का शिकार हो जाएंगे, इस पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं।