शालीमार स्टेशन पर बड़ा रेल हादसा! प्लेटफॉर्म में घुसते ही पटरी से उतरी लोकल ट्रेन, मची अफरा-तफरी

बुधवार सुबह शालीमार स्टेशन के पास एक बड़ा रेल हादसा टल गया। सांतरागाछी से शालीमार आ रही एक लोकल ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 3 में प्रवेश करते समय पटरी से उतर गई। घटना सुबह करीब 10:45 बजे की है जब ट्रेन का पिछला तीसरा डिब्बा अचानक बेपटरी हो गया। गनीमत रही कि स्टेशन के करीब होने के कारण ट्रेन की रफ्तार धीमी थी, जिससे कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
प्लेटफॉर्म का हिस्सा क्षतिग्रस्त: चश्मदीदों के मुताबिक, डिब्बा पटरी से उतरने के बाद काफी दूर तक घिसटता हुआ गया, जिसके कारण प्लेटफॉर्म नंबर 3 का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। रेलवे इंजीनियरों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बहाली का काम शुरू किया। दक्षिण पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ओमप्रकाश चरण ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है कि आखिर ट्रेन पटरी से कैसे उतरी।
यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल: रेलवे का दावा है कि हादसे के समय ट्रेन खाली थी, जिससे बड़ी क्षति टल गई। हालांकि, व्यस्त समय होने के कारण यात्रियों में दहशत का माहौल देखा गया। हाल के दिनों में रेलवे में दुर्घटनाओं का सिलसिला बढ़ गया है। पिछले रविवार को कटवा स्टेशन पर ट्रेन में आग लग गई थी और कल रात बाली हॉल्ट स्टेशन पर भी आगजनी की घटना हुई थी। शालीमार की इस घटना ने एक बार फिर रेलवे के रखरखाव और सुरक्षा इंतजामों पर सवालिया निशान लगा दिया है।