ट्रैफिक ‘ई-चालान’ के नाम पर लाखों की ठगी! कोलकाता पुलिस ने गुरुग्राम से शातिर जालसाज को दबोचा

ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन का फर्जी ‘ई-चालान’ भेजकर बैंक खातों से पैसे उड़ाने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए कोलकाता पुलिस की साइबर सेल ने हरियाणा के एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दीपक कुमार (२९) के रूप में हुई है, जिसे मंगलवार शाम गुरुग्राम से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह ने अब तक ५.४३ लाख रुपये से अधिक की ठगी की है।

ठगी का तरीका: जांच में पता चला है कि आरोपी लोगों को एक मैसेज भेजते थे जिसमें लिखा होता था कि उनकी गाड़ी का चालान कटा है। मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही एक फर्जी ‘mParivahan’ APK फाइल मोबाइल में इंस्टॉल हो जाती थी। इसके जरिए ठग पीड़ित के फोन का एक्सेस पा लेते थे और बैंक खाते से पैसे निकाल लेते थे। कोलकाता के एक व्यक्ति के खाते से इसी तरह ६० हजार रुपये गायब होने के बाद मामला दर्ज किया गया था।

कैसे पकड़ा गया आरोपी? कोलकाता पुलिस ने केंद्रीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) की मदद से सर्वर और आईपी एड्रेस को ट्रैक किया। जांच गुरुग्राम की एक टेलीकॉम कंपनी के आईपी एड्रेस तक पहुंची, जिससे दीपक कुमार का नाम सामने आया। पूछताछ में सहयोग न करने और सबूत मिटाने की कोशिश के चलते उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बुधवार को उसे कोलकाता की अदालत में पेश किया गया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *