“मेरे लिए वो पिता समान हैं!” सलीम खान की बीमारी की खबर सुन भावुक हुईं सोमी अली

बॉलीवुड के दिग्गज पटकथा लेखक सलीम खान इस समय मुंबई के लीलावती अस्पताल में उपचाराधीन हैं। १७ फरवरी को उन्हें ब्रेन हेमरेज के कारण भर्ती कराया गया था। हालांकि डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत अब स्थिर है, लेकिन इस खबर ने उनके चाहने वालों को बेचैन कर दिया है। इसी बीच सलमान खान की पूर्व प्रेमिका सोमी अली ने सोशल मीडिया पर एक बेहद इमोशनल नोट साझा किया है। सोमी ने सलीम खान को न केवल एक महान लेखक, बल्कि अपने जीवन का ‘मार्गदर्शक और पिता’ बताया है।
सोमी ने अपनी पोस्ट में लिखा, “सलीम खान साहब के अस्पताल में होने की खबर ने मेरा दिल दहला दिया। पूरी दुनिया के लिए वो एक लेजेंड हैं, जिन्होंने ‘शोले’ जैसी फिल्में दीं, लेकिन मेरे लिए वो एक पिता जैसे थे। उनके घर पर मुझे अपनी बेटी की तरह प्यार मिला। उन्होंने ही मुझे सिखाया कि खुदा किसी भी धर्म से ऊपर है और कहानी में सच्चाई का होना कितना जरूरी है।” ९० के दशक में सलमान और सोमी का रिश्ता काफी चर्चा में रहा था, और सोमी आज भी खान परिवार के साथ बिताए उन पलों को सहेज कर रखे हुए हैं।
फिलहाल, सलीम खान का पूरा परिवार अस्पताल में मौजूद है। सलमान खान, अरबाज, हेलन और संजय दत्त के अलावा संगीता बिजलानी को भी अस्पताल में देखा गया। डॉक्टरों का कहना है कि एहतियात के तौर पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था, लेकिन उनकी रिकवरी अच्छी हो रही है। पूरा बॉलीवुड और उनके प्रशंसक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।