सुजी बेट्स का रिकॉर्ड ध्वस्त! ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैदान पर उतरते ही हरमनप्रीत के नाम हुआ ‘वर्ल्ड रिकॉर्ड

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने एक ऐसा कीर्तिमान स्थापित किया है, जिसे तोड़ना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी चुनौती होगी। गुरुवार को कैनबरा में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टी-२० मैच में मैदान पर उतरते ही हरमनप्रीत ने अपने करियर का ३५६वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेला। इसके साथ ही वह दुनिया में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली महिला क्रिकेटर बन गई हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स (३५५ मैच) को पीछे छोड़ते हुए यह ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया।
३६ वर्षीय हरमनप्रीत, जिन्हें ‘हैरी’ के नाम से भी जाना जाता है, ने २००९ में पाकिस्तान के खिलाफ अपने करियर की शुरुआत की थी। पिछले १७ वर्षों से वह भारतीय टीम की रीढ़ बनी हुई हैं। अब तक उन्होंने ६ टेस्ट, १६१ वनडे और १८९ टी-२० मैच खेले हैं। हरमनप्रीत के नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ८ हजार से अधिक रन और ७५ विकेट दर्ज हैं। इतना ही नहीं, कप्तान के तौर पर सर्वाधिक १३३ टी-२० मैच खेलने का विश्व रिकॉर्ड भी उन्हीं के नाम है।
हरमनप्रीत की कप्तानी में ही पिछले साल भारतीय महिला टीम ने पहली बार वनडे विश्व कप जीतकर इतिहास रचा था। वह एक बेहतरीन बल्लेबाज होने के साथ-साथ एक चतुर गेंदबाज और शानदार फील्डर भी हैं। उनकी निगाहें अब आगामी टी-२० विश्व कप पर हैं। कैनबरा में हासिल किया गया यह रिकॉर्ड उनके अटूट समर्पण और खेल के प्रति उनके जुनून का प्रमाण है। भारतीय फैंस को उम्मीद है कि ‘रिकॉर्ड मशीन’ हरमनप्रीत अभी कई और सालों तक तिरंगे का मान बढ़ाती रहेंगी।