भारतीय शख्स को ‘बाप’ बनाकर रह रहा था बांग्लादेशी, कूचबिहार पुलिस ने ऐसे किया गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले के दिनहाटा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बांग्लादेशी नागरिक एक भारतीय व्यक्ति को अपना पिता बताकर सालों से अवैध रूप से रह रहा था। आरोपी का नाम उमर फारूक व्यापारी बताया गया है, जिसे साहेबगंज थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर गुरुवार को दिनहाटा सब-डिविजनल कोर्ट में पेश किया।
फर्जी दस्तावेजों का खेल पुलिस जांच में पता चला कि उमर फारूक ने दिनहाटा के नागरबाड़ी इलाके के एक व्यक्ति को अपना पिता दिखाकर SIR एन्यूमरेशन फॉर्म भरा था। उसने भारतीय नागरिकता हासिल करने के लिए कई फर्जी दस्तावेज भी तैयार किए थे। लेकिन मामला तब बिगड़ा जब उस व्यक्ति की असली पत्नी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उमर उनका बेटा नहीं है।
प्रशासन की कार्रवाई स्थानीय तृणमूल पंचायत सदस्यों ने भी जिला मजिस्ट्रेट को लिखित में सूचित किया कि उमर एक बांग्लादेशी नागरिक है। इसके बाद जब पुलिस ने दबिश दी, तो उमर फरार हो गया। काफी तलाश के बाद आखिरकार पुलिस ने उसे धर दबोचा। हालांकि, आरोपी का दावा है कि उसे राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया जा रहा है, लेकिन पुलिस ने उसके पास से बांग्लादेशी होने के पुख्ता सबूत मिलने की बात कही है। आरोपी के खिलाफ फॉरेनर्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।