दिलीप घोष की पत्नी लड़ेंगी चुनाव? बंगाल विधानसभा के लिए रिंकू मजूमदार ने ठोंकी ताल!

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के भीतर टिकटों को लेकर घमासान तेज हो गया है। इस बीच सबसे बड़ी खबर दिलीप घोष के घर से आ रही है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष की पत्नी रिंकू मजूमदार ने चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर करते हुए अपना बायोडाटा पार्टी को सौंप दिया है। 2013 से बीजेपी की सक्रिय कार्यकर्ता और महिला मोर्चा की नेता रिंकू पिछले साल ही दिलीप घोष के साथ शादी के बंधन में बंधी थीं।

जब रिंकू से उनकी उम्मीदवारी के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बड़ी बेबाकी से कहा, “टिकट मिलने की संभावना 50-50 है। हमें लेकर लोग चर्चा ज्यादा करते हैं।” हालांकि, उन्हें उम्मीद है कि पार्टी महिलाओं के लिए आरक्षित किसी सीट से उन्हें मौका दे सकती है। वहीं दिलीप घोष ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवार चयन की एक प्रक्रिया होती है और उनकी पत्नी ने भी उसी प्रक्रिया के तहत आवेदन किया है। उन्होंने कहा, “पार्टी जिसे योग्य समझेगी, उसे ही मैदान में उतारेगी।”

दिलीप घोष खुद चुनाव लड़ेंगे या नहीं, इसे लेकर भी सियासी गलियारों में चर्चा जोरों पर है। 2024 के लोकसभा चुनाव में हार के बाद दिलीप घोष थोड़े हाशिए पर जरूर थे, लेकिन हाल के दिनों में वे फिर से सक्रिय नजर आ रहे हैं। दिलीप घोष ने साफ किया है कि जिला और प्रदेश स्तर से नाम जाने के बाद अंतिम मुहर दिल्ली का संसदीय बोर्ड ही लगाएगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या इस बार विधानसभा चुनाव में ‘पति-पत्नी’ की यह जोड़ी एक साथ चुनावी रण में नजर आएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *