दिल दहला देने वाली वारदात! 16 दिन के मासूम को जन्म देने वाली मां ने ही उतारा मौत के घाट

मुर्शिदाबाद के डोमकल इलाके से ममता को कलंकित करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक 25 वर्षीय महिला अरुणा खातून पर अपने ही 16 दिन के नवजात बेटे, सलमान मंडल की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना शिवनगर विश्वासपाड़ा की है, जहां सुरक्षा के लिहाज से बच्चे को उसकी बुआ के घर ले जाया गया था, लेकिन वहीं उसकी जान चली गई।

मृतक बच्चे के पिता लालन मंडल का आरोप है कि बच्चा जन्म से ही काफी कमजोर और कुपोषित था, जिस वजह से उसकी पत्नी उसे पसंद नहीं करती थी। गुरुवार को जब घर की बुआ डॉक्टर के पास गई थीं, तब अरुणा बच्चे को दूध पिलाने के बहाने कमरे में ले गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। काफी देर तक हलचल न होने पर जब दरवाजा खोला गया, तो मासूम बेसुध पड़ा मिला। स्थानीय लोगों का कहना है कि अरुणा अक्सर बच्चे के छोटे और कमजोर होने की शिकायत करती थी।

पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी मां को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इलाके के लोग इस घटना से स्तब्ध हैं। कुछ लोगों का कहना है कि अरुणा की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, जबकि पिता का कहना है कि घर में कोई विवाद नहीं था। महज 16 दिन पहले पिता बने लालन का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *