सावधान! ‘युवा साथी’ फॉर्म भरते समय न करें ये 5 गलतियां, वरना हाथ से निकल जाएगा सरकारी पैसा

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले राज्य सरकार ने युवाओं के लिए अपनी महत्वाकांक्षी ‘युवा साथी’ योजना (Banglar Yuva Sathi Scheme) को जमीन पर उतार दिया है। अप्रैल से इस योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। 16 फरवरी से राज्य के हर निर्वाचन क्षेत्र में ‘दुबारे सरकार’ की तर्ज पर रजिस्ट्रेशन कैंप लगाए जा रहे हैं, जहां युवाओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। हालांकि, फॉर्म भरने में की गई एक छोटी सी चूक आपको इस लाभ से वंचित कर सकती है।
फॉर्म भरते समय इन 5 बातों का रखें खास ख्याल:
- पेशे में ‘Student’ न लिखें: यह योजना बेरोजगारों के लिए है। यदि आप पेशे वाले कॉलम में ‘छात्र’ या ‘Student’ लिखते हैं, तो आपका आवेदन खारिज कर दिया जाएगा। वहां आपको अनिवार्य रूप से ‘Unemployed’ या ‘बेरोजगार’ लिखना होगा।
- नाम और उपनाम: आवेदन में वही नाम और सरनेम लिखें जो आपके माध्यमिक (10वीं) के एडमिट कार्ड पर है। शादीशुदा महिलाएं ध्यान दें कि वे पति का उपनाम तभी लिखें जब वह उनके आधिकारिक दस्तावेजों में दर्ज हो।
- आयु की गणना: अपनी उम्र की गणना 1 अप्रैल 2026 की तारीख के आधार पर करें। आवेदन के दिन की उम्र लिखना तकनीकी रूप से गलत हो सकता है।
- फोटो पर हस्ताक्षर: फॉर्म पर फोटो चिपकाने के बाद उस पर ‘क्रॉस सिग्नेचर’ करना न भूलें। यानी आपका आधा हस्ताक्षर फोटो पर और आधा फॉर्म के सफेद हिस्से पर होना चाहिए।
- बैंक और आधार लिंकिंग: आपका मोबाइल नंबर बैंक खाते से लिंक होना चाहिए। साथ ही, खाते में आधार और डीबीटी (DBT) सक्रिय होना जरूरी है ताकि पैसा सीधे आपके अकाउंट में आ सके।
महत्वपूर्ण दस्तावेज: शैक्षिक योग्यता के लिए केवल अंतिम उत्तीर्ण परीक्षा का प्रमाण पत्र ही दिखाएं। वर्तमान में आप क्या पढ़ रहे हैं, इसका जिक्र करने की जरूरत नहीं है। सभी दस्तावेजों को ‘Self-attested’ (स्व-सत्यापित) करना अनिवार्य है। फॉर्म जमा करने के बाद रसीद जरूर लें और सुनिश्चित करें कि उस पर ‘दुबारे सरकार रजिस्ट्रेशन नंबर’ लिखा हो।