खेल-खेल में हमला? वाराणसी-मेरठ वंदे भारत पर पथराव की घटना से हड़कंप, पुलिस ने बताई चौंकाने वाली वजह।

वाराणसी से मेरठ जा रही देश की अत्याधुनिक ट्रेन ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ (22489) एक बार फिर पत्थरबाजी का शिकार हुई है। हरदोई और कौंधा के बीच सी-4 कोच की खिड़की पर पत्थर लगने से शीशा टूट गया, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ।
क्या है पूरा मामला? सिटी सीओ अंकित मिश्रा के मुताबिक, कोतवाली देहात इलाके के बालोखार गेट के पास कुछ बच्चे (उम्र 8-13 साल) क्रिकेट खेल रहे थे। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि खेल के दौरान फेंका गया एक पत्थर गलती से ट्रेन की खिड़की पर जा लगा। पुलिस इसे किसी साजिश के बजाय लापरवाही की घटना मान रही है।
रेलवे का एक्शन: आरपीएफ (RPF) और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और रेलवे अधिनियम की धारा 153 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बता दें कि हाल ही में उत्तर रेलवे के अधिकारियों ने हरदोई स्टेशन का निरीक्षण कर सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए थे, लेकिन इस तरह की बार-बार होने वाली घटनाओं ने रेलवे सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा दिया है।