बंगाल सरकार का बड़ा फैसला: युवा साथी फॉर्म भरने के लिए रात का समय तय, जानें क्या है पूरी गाइडलाइन

पश्चिम बंगाल के बेरोजगार युवाओं के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा शुरू की गई ‘युवा साथी’ योजना अब अपने निर्णायक मोड़ पर है। १ अप्रैल २०२६ से पात्र युवाओं के बैंक खातों में १५०० रुपये प्रति माह की बेरोजगारी भत्ता राशि आनी शुरू हो जाएगी। हालांकि, ऑनलाइन आवेदन को लेकर राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण बदलाव किया है। अब आवेदक दिन के किसी भी समय फॉर्म नहीं भर सकेंगे।
नये नियमों के मुताबिक, आधिकारिक पोर्टल (https://apas.wb.gov.in) पर आवेदन केवल शाम ७:०० बजे से सुबह ९:०० बजे तक ही किया जा सकेगा। दिन के समय (सुबह १० से शाम ५ बजे तक) ‘स्वनिर्भर बांग्ला’ शिविरों में ऑफलाइन कार्यों के दबाव को देखते हुए ऑनलाइन पोर्टल की समय सीमा तय की गई है। आवेदन की अंतिम तिथि २६ फरवरी है।
पात्रता और शर्तें: इस योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदक का न्यूनतम माध्यमिक (कक्षा १०) पास होना अनिवार्य है। आयु सीमा २१ से ४० वर्ष तय की गई है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई आवेदक ईएसआई (ESI) या पीएफ (PF) का लाभ ले रहा है, तो वह अपात्र माना जाएगा। हालांकि, सरकारी स्कॉलरशिप पाने वाले छात्र इस योजना के लिए पात्र हैं, बशर्ते वे कोई अन्य सरकारी भत्ता न ले रहे हों। एक लाभार्थी को अधिकतम ५ साल तक या नौकरी मिलने तक कुल ९०,००० रुपये की सहायता मिलेगी। आवेदकों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर ही ऑनलाइन फॉर्म भरें ताकि सर्वर की समस्या से बचा जा सके।