फिल्म ‘लायन’ जैसी हकीकत! गलत ट्रेन ने पहुंचाया केरल, 14 साल बाद परिवार से मिला ‘गोप’

यह कहानी किसी बॉलीवुड ब्लॉकबस्टर फिल्म से कम नहीं है। साल 2012 में अपने पिता का हाथ छोड़कर भीड़ में खो जाने वाला 6 साल का मासूम बच्चा आज 14 साल बाद अपने परिवार से मिलने जा रहा है। गलत ट्रेन में बैठने की एक छोटी सी गलती ने उसे अपनों से सैकड़ों किलोमीटर दूर केरल पहुंचा दिया था। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।

गलत ट्रेन और 14 साल का लंबा सफर: बात 2012 की है, जब वह बच्चा हावड़ा जाने के लिए एक ट्रेन में चढ़ गया। उसे लगा कि वह अपने घर पहुंच जाएगा, लेकिन वह ट्रेन उसे केरल के कन्नूर ले गई। वहां उसे एक होम (आश्रय गृह) में रखा गया। मासूम उम्र के कारण वह अपने घर का पता नहीं बता सका। धीरे-धीरे साल बीतते गए और ‘गोप’ नाम का वह लड़का 20 साल का युवक बन गया। इस दौरान उसके पिता का भी निधन हो गया, और परिवार ने उसे वापस पाने की उम्मीद छोड़ दी थी।

सोशल मीडिया बना फरिश्ता: कन्नूर के उस होम में काम करने वाली एक एनजीओ ने गोप का वीडियो बनाकर इंटरनेट पर साझा किया। यह वीडियो देखते ही देखते झारखंड के चाईबासा में रहने वाले उसके परिवार तक पहुंच गया। वीडियो के जरिए पहचान होने के बाद अब कागजी कार्रवाई पूरी की जा रही है। 14 साल का ‘वनवास’ खत्म कर गोप अब जल्द ही अपने घर की दहलीज पर कदम रखेगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *