गंगासागर में एक साल का ‘वनवास’ खत्म! हैम रेडियो की मदद से हरियाणा की बहू पहुंची अपने घर

मानवता और तकनीक की एक अद्भुत जीत पश्चिम बंगाल के गंगासागर में देखने को मिली। हरियाणा के फरीदाबाद की रहने वाली रजनी शर्मा, जो एक साल पहले गंगासागर मेले की भीड़ में खो गई थीं, आखिरकार हैम रेडियो (West Bengal Radio Club) की कोशिशों से अपने घर लौट गई हैं।
पहचान की तलाश: पिछले एक साल से रजनी सागर के तट पर गुमनाम जिंदगी जी रही थीं। कभी वह नाचती तो कभी अचानक रोने लगती। हाल ही में एक सिविल डिफेंस कर्मी ने उन्हें देखा और हैम रेडियो को सूचित किया। हैम सदस्यों ने धैर्य से बात की तो रजनी ने उत्तराखंड के एक स्कूल का जिक्र किया। इसी सुराग के जरिए उनके परिवार का पता हरिद्वार में मिला और फिर फरीदाबाद में रहने वाले उनके पति राजीव कुमार से संपर्क हुआ।
फरीदाबाद पुलिस और हरियाणा सीएमओ का सहयोग: शुरुआत में पति ने उन्हें वापस ले जाने से हिचकिचाहट दिखाई, लेकिन हैम रेडियो के सदस्यों ने हार नहीं मानी। उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री कार्यालय और फरीदाबाद पुलिस से संपर्क किया। आखिरकार दबाव और समझाइश के बाद पति खुद गंगासागर आए और रजनी को अपने साथ ले गए। परिजनों को देख रजनी “तुम अगर सामने अभी जाया करो” गाना गाकर नाचने लगीं, जिसे देख वहां मौजूद हर शख्स भावुक हो गया।