आसनसोल में दिल दहला देने वाली वारदात! मां की हत्या कर बेटे ने की खुदकुशी? जलते घर से मिले दो शव

पश्चिम बंगाल के आसनसोल स्थित कुल्टी में एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। गुरुवार देर रात कुल्टी कॉलेज रोड इलाके में एक जलते हुए घर से मां संध्या मुखोपाध्याय (68) और बेटे राजा मुखोपाध्याय (49) के शव बरामद किए गए। पड़ोसियों का दावा है कि उन्होंने घर से गोलियां चलने की आवाज सुनी थी, जिसके बाद घर में भीषण आग लग गई।
क्या है मामला? मृतक राजा के पिता दयामय मुखोपाध्याय, जो ईसीएल के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं, ने बताया कि बुधवार को बेटे ने उनके साथ मारपीट की थी, जिससे डरकर वे अपनी बेटी के घर पुरुलिया चले गए थे। पड़ोसियों ने रात में पटाखे जैसी आवाज सुनी और फिर घर की खिड़कियों से आग की लपटें निकलती देखीं। दमकल विभाग ने आग बुझाने के बाद दोनों के शवों को बाहर निकाला। राजा एक सुरक्षा एजेंसी में काम करता था और उसके पास अपनी बंदूक थी।
पुलिस की कार्रवाई: एसीपी जावेद हुसैन ने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या बेटे ने पहले मां को गोली मारी और फिर खुद को खत्म कर घर में आग लगा ली, या यह कोई बड़ी साजिश है। फॉरेंसिक टीम के आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।