रिमोट के लिए तकरार और फिर कत्ल! २७ साल के एसी मैकेनिक पति की हत्या से सनसनी, आरोपी पत्नी गिरफ्तार!

आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ महज टीवी की आवाज कम करने को लेकर हुए विवाद में एक पत्नी ने अपने ही पति की जान ले ली। इस मामूली सी बात पर हुए खूनी संघर्ष ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। मृतक की पहचान २७ वर्षीय शेख अहमद के रूप में हुई है, जो पेशे से एक एसी मैकेनिक थे।
पुलिस के अनुसार, घटना की रात अहमद घर पर तेज आवाज में टीवी देख रहे थे। उनकी पत्नी क्रांति ने उन्हें आवाज कम करने को कहा, जिसे लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर क्रांति ने रसोई से धाराल चाकू उठाया और अहमद पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अहमद के शरीर पर चाकू के कई गहरे घाव पाए गए हैं।
चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों ने अहमद को लहूलुहान हालत में विजयवाड़ा के एक सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि क्या यह अचानक गुस्से में किया गया हमला था या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश थी।