भैया, एक कप चाय बना दो!’ मना करने पर भाई ने कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट, झाँसी में सनसनी!

उत्तर प्रदेश के झाँसी से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ महज एक कप चाय के लिए छोटे भाई ने अपने बड़े भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। यह घटना १० फरवरी की है, लेकिन इसका खुलासा तब हुआ जब आरोपी ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल किया। हत्या के बाद आरोपी ने शव को घर के अंदर ही एक ६ फीट गहरे कुएं में दफना दिया था ताकि किसी को शक न हो।

पुलिस के अनुसार, दोनों भाइयों की माँ उस समय अपने मायके गई हुई थी। घर में दोनों भाई अकेले थे। सुबह के वक्त छोटे भाई ने अपने बड़े भाई को नींद से जगाया और उससे चाय बनाने को कहा। बड़े भाई ने नींद खराब होने पर चाय बनाने से मना कर दिया और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने पास रखी कुल्हाड़ी से बड़े भाई के सिर पर वार कर दिया।

सिर पर कुल्हाड़ी का प्रहार इतना तेज था कि बड़े भाई की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए भाई की लाश को घर के कुएं में ठिकाने लगा दिया। माँ के लौटने पर जब बड़ा बेटा घर में नहीं मिला, तो पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। कड़ाई से पूछताछ करने पर छोटे भाई ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *