मस्जिद हमले का बदला? पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में घुसकर की बमबारी, तालिबान ने दी अंजाम भुगतने की चेतावनी!

रमजान के मुकद्दस महीने के बीच पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव युद्ध के स्तर पर पहुंच गया है। बीती रात पाकिस्तानी वायु सेना (PAF) ने अफगान सीमा के भीतर घुसकर कई आतंकी ठिकानों पर भीषण बमबारी की। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार के अनुसार, यह कार्रवाई खुफिया जानकारी के आधार पर उन ठिकानों पर की गई है, जहाँ से पाकिस्तान में आतंकी हमलों की साजिश रची जा रही थी।

पाकिस्तानी सेना का दावा है कि उन्होंने टीटीपी (TTP) और आईएसकेपी (ISKP) के कम से कम सात ठिकानों को निशाना बनाया है। हाल ही में इस्लामाबाद की मस्जिद में हुए आत्मघात हमले के जवाब में यह ‘रिटेलिएशन’ बताया जा रहा है। पाकिस्तान का कहना है कि तालिबान सरकार अपनी जमीन का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों के लिए होने से रोकने में नाकाम रही है, जिसके बाद उन्हें अपनी सुरक्षा के लिए यह कदम उठाना पड़ा।

दूसरी ओर, तालिबान सरकार के प्रवक्ता ज़बीउल्लाह मुजाहिद ने इस हमले को अफगानिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन बताया है। उनके अनुसार, नांगरहार और पक्तिका प्रांतों में हुए इस हमले में महिलाओं और बच्चों समेत कई नागरिक मारे गए हैं। काबुल स्थित रक्षा मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि वे अपनी जनता की रक्षा करना जानते हैं और सही समय पर पाकिस्तान को इसका करारा जवाब दिया जाएगा। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *