वोटर लिस्ट में ‘सर्जिकल स्ट्राइक’: मध्य प्रदेश और राजस्थान से भी लाखों नाम कटे, क्या है आयोग का नया प्लान?
चुनाव आयोग ने देश के 12 राज्यों में मतदाता सूची के गहन संशोधन (SIR) के बाद अंतिम सूची जारी करना शुरू कर दिया है। शनिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, गुजरात में मतदाता सूची से अब तक की सबसे बड़ी छंटनी देखी गई है। प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह के गृह राज्य गुजरात से कुल 68 लाख 12 हजार 711 मतदाताओं के नाम अंतिम सूची से हटा दिए गए हैं।
आयोग के अनुसार, गुजरात में पहले 5.08 करोड़ मतदाता थे, जो अब घटकर 4.40 करोड़ रह गए हैं। सिर्फ गुजरात ही नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश में 34 लाख और राजस्थान में 31 लाख से अधिक नाम काटे गए हैं। केरल, छत्तीसगढ़ और गोवा में भी लाखों मतदाताओं के नाम सूची से बाहर किए गए हैं। आयोग का कहना है कि यह प्रक्रिया फर्जी मतदाताओं, स्थानांतरित लोगों और मृतकों के नाम हटाने के लिए की गई है ताकि पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित किए जा सकें। अब सबकी निगाहें पश्चिम बंगाल पर टिकी हैं, जहाँ 28 फरवरी को अंतिम सूची जारी होगी, जबकि उत्तर प्रदेश की सूची 10 अप्रैल को आएगी। चुनाव से पहले इतनी बड़ी संख्या में नाम कटने से राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।