अफगानिस्तान में पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक! आतंकी ठिकानों पर बरसाए बम, सीमा पर युद्ध जैसे हालात
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव अब चरम पर पहुंच गया है। पाकिस्तानी वायुसेना ने अफगानिस्तान के पक्तिका और नांगरहार प्रांतों में भीषण हवाई हमले किए हैं। पाकिस्तान का दावा है कि ये हमले उन आतंकी शिविरों और मदरसों को निशाना बनाकर किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल ‘तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान’ (TTP) और ‘दायेश’ (ISKP) जैसे संगठन पाकिस्तान में हमले करने के लिए कर रहे थे।
पाकिस्तानी सूचना मंत्रालय के अनुसार, हाल ही में इस्लामाबाद और बाजाौर में हुए आत्मघाती हमलों के जवाब में यह “सटीक कार्रवाई” की गई है। रिपोर्टों के मुताबिक, पक्तिका के बरमाल जिले में एक मदरसे सहित कुल सात ठिकानों को निशाना बनाया गया। पाकिस्तान का आरोप है कि अफगान तालिबान अपनी धरती का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों के लिए होने से रोकने में नाकाम रहा है। वहीं, टोलो न्यूज ने जानकारी दी है कि शनिवार से जारी इन हमलों में नांगरहार के कई इलाकों को भारी नुकसान पहुंचा है। इस्लामाबाद ने स्पष्ट किया है कि यदि अफगानिस्तान अपनी जमीन से आतंकवाद खत्म नहीं करता, तो पाकिस्तान अपनी सुरक्षा के लिए सभी विकल्प खुले रखेगा। इस सैन्य कार्रवाई ने दक्षिण एशिया में एक नए संघर्ष को जन्म दे दिया है।