एक साथ 72 बाघों की मौत से मचा हड़कंप! चिड़ियाघर में फैला जानलेवा वायरस, बेजुबानों के लिए नर्क बना ‘टाइगर किंगडम’
थाईलैंड के उत्तरी हिस्से में स्थित एक निजी चिड़ियाघर ‘टाइगर किंगडम’ से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। पिछले कुछ हफ्तों के भीतर यहाँ कम से कम 72 बाघों की मौत हो गई है। जांच के बाद सामने आई रिपोर्ट ने पूरी दुनिया को चौंका दिया है। प्रांतीय पशुधन विभाग के अनुसार, इन बाघों की मौत के पीछे बेहद संक्रामक ‘कैनाइन डिस्टेंपर’ (Canine Distemper) वायरस और श्वसन तंत्र को खराब करने वाले बैक्टीरिया का हाथ है।
पशुधन विभाग के निदेशक सोमचुआन रतनमुंगकलानन ने स्थानीय मीडिया को बताया कि बाघों में बीमारी के लक्षणों को जल्दी पहचानना मुश्किल होता है और जब तक इलाज शुरू हुआ, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दूसरी ओर, पशु अधिकार संगठन पेटा (PETA) एशिया ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। पेटा का कहना है कि ये बाघ कैद और डर के साये में जी रहे थे। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए इन जानवरों का जिस तरह शोषण किया जाता है, यह उसी का दुखद परिणाम है। चिड़ियाघर प्रशासन ने फिलहाल इस मामले पर चुप्पी साध रखी है।