भांगड़ में खूनी खेल! विधायक शौकत मुल्ला की गाड़ी पर बमबाजी, बाल-बाल बची जान
पश्चिम बंगाल में चुनाव से पहले हिंसा का दौर शुरू हो गया है। भांगड़ के पोलेरहाट में कैनिंग पूर्व के टीएमसी विधायक शौकत मुल्ला के काफिले पर बम से हमला किए जाने की खबर सामने आई है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह हमला पोलेरहाट थाने से महज कुछ ही दूरी पर हुआ। पुलिस ने मौके से दो जिंदा बम बरामद किए हैं, जिससे इलाके में भारी तनाव व्याप्त है।
विधायक शौकत मुल्ला के अनुसार, वह तृणमूल नेता खैरुत इस्लाम पर हुए हमले की शिकायत दर्ज कराकर थाने से लौट रहे थे। तभी अंधेरे का फायदा उठाकर उनकी गाड़ी को निशाना बनाया गया। शौकत मुल्ला ने आरोप लगाया कि “यह आईएसएफ (ISF) समर्थित गुंडों का काम है। उन्होंने पहले हमारे नेताओं पर हमला किया और अब मुझे खत्म करने के लिए बमबाजी और फायरिंग की गई।” टीएमसी नेताओं का कहना है कि आईएसएफ अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन वापस पाने के लिए आतंक का सहारा ले रही है।
वहीं, आईएसएफ की ओर से फिलहाल इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं आई है। पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। चुनाव से पहले इस तरह की हिंसक घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। पूरे भांगड़ इलाके में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और संदिग्धों की तलाश जारी है।