“मीनाक्षी को हराकर भूत बना दूंगा!” मोहम्मद सलीम को ‘अहंकारी’ बताकर कल्याण बनर्जी ने बोला हमला

पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले सियासी जुबानी जंग तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद और कद्दावर नेता कल्याण बनर्जी ने सीपीएम के प्रदेश सचिव मोहम्मद सलीम और युवा नेता मीनाक्षी मुखर्जी पर तीखा हमला बोला है। उत्तरपड़ा सीट से मीनाक्षी के चुनाव लड़ने की चर्चाओं के बीच कल्याण बनर्जी ने उन्हें खुलेआम चुनौती देते हुए कहा कि अगर वह चुनाव लड़ती हैं, तो उन्हें बुरी तरह हराएंगे।
सलीम की ‘अहंकार’ पर चोट: कल्याण बनर्जी ने मोहम्मद सलीम की आलोचना करते हुए कहा, “मैंने सीपीएम में कई लोगों को देखा है, लेकिन सलीम जैसा घमंडी और अहंकारी व्यक्ति नहीं देखा। उनके इसी रवैये के कारण प्रतीक उर रहमान जैसे युवा नेता पार्टी छोड़कर टीएमसी में शामिल हो रहे हैं।” उन्होंने दावा किया कि सलीम की तानाशाही के कारण सीपीएम का पतन निश्चित है।
मीनाक्षी बनाम पार्टी कार्यकर्ता: टीएमसी सांसद ने सीपीएम के भीतर चल रहे कथित असंतोष पर तंज कसते हुए कहा कि मोहम्मद सलीम के लिए केवल मीनाक्षी मुखर्जी ही प्राथमिकता हैं। उन्होंने कहा, “सलीम केवल एक ही चेहरे को आगे बढ़ा रहे हैं, जिससे पार्टी के बाकी युवा नेता और कार्यकर्ता खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। हमें खबर है कि पार्टी के अंदर भारी नाराजगी है।”
केंद्रीय बलों पर बेबाक राय: राज्य में केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती पर चल रही चर्चाओं को खारिज करते हुए कल्याण ने कहा कि उन्हें फोर्स का कोई डर नहीं है। उन्होंने कहा, “चुनाव आयोग चाहे 480 कंपनी भेजे या 1480, वोट जनता को देना है, जवानों को नहीं। हमारे साथ बंगाल की 10 करोड़ जनता का आशीर्वाद है।” इसके साथ ही उन्होंने आईएसएफ नेता नौशाद सिद्दीकी पर भी निशाना साधा और कहा कि चुनाव के बाद आईएसएफ का अस्तित्व खत्म हो जाएगा।