“कांग्रेस नंगी राजनीति कर रही है, कपड़े उतारने की क्या जरूरत थी?” एआई समिट के हंगामे पर पीएम मोदी का प्रहार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए ‘शर्टलेस’ प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। रविवार को मेरठ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस की “गंदी और नग्न राजनीति” को पूरी दुनिया ने देख लिया है। उन्होंने इसे देश के खिलाफ किया गया एक ‘पाप’ करार दिया।

विदेशी मंच पर बदनामी का आरोप: पीएम मोदी ने कहा, “भारत की सफलता कुछ राजनीतिक दलों को हजम नहीं हो रही है। जब ८० देशों के प्रतिनिधि दिल्ली में थे, तब कांग्रेस के लोग मोदी विरोध में इतने अंधे हो गए कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर कपड़े उतारकर प्रदर्शन किया।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “कांग्रेस के नेता नग्न हैं, यह पूरा देश जानता है, फिर उन्हें कपड़े उतारकर इसे साबित करने की क्या जरूरत थी?”

विपक्ष में फूट और मोदी का धन्यवाद: दिलचस्प बात यह रही कि पीएम मोदी ने इस मुद्दे पर कांग्रेस को उसके ही सहयोगियों से अलग कर दिया। उन्होंने कहा, “क्या यह काम टीएमसी, डीएमके या बीएसपी ने किया? नहीं। यह पाप सिर्फ और सिर्फ कांग्रेस ने किया है। मैं उन विपक्षी दलों का आभारी हूं जिन्होंने इस शर्मनाक घटना की निंदा की और देश के सम्मान के साथ खड़े हुए।” पीएम ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री की कुर्सी तक पहुंचने के लिए लोगों का दिल जीतना पड़ता है, इस तरह की ओछी हरकतों से देश नहीं चलता।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *